लोकतंत्र की मजबूती के लिए पंचायत से प्रखंड स्तर तक चला सशक्त जागरूकता अभियान।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर साहिबगंज जिले में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विधिक जागरूकता एवं शपथ-ग्रहण कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया गया। यह आयोजन झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।कार्यक्रम के तहत पंचायत स्तर पर पदस्थापित विधिक स्वयंसेवकों (न्याय मित्रों) द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आम नागरिकों को लोकतंत्र के महत्व, मताधिकार के संवैधानिक अधिकार तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों को शपथ दिलाई गई कि वे बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।आयोजन के अंतर्गत महिलाओं, युवाओं एवं प्रथम बार मतदाता बने नागरिकों को विशेष रूप से मतदान से जुड़े उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर समाज में व्याप्त विभिन्न भ्रांतियों को दूर करते हुए यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही लोकतंत्र सशक्त बनता है।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं में विधिक एवं संवैधानिक जागरूकता बढ़ाना, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की अवधारणा को मजबूत करना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को जन जन तक पहुँचाना रहा।इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आम नागरिक अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग बनें और लोकतंत्र को और अधिक सशक्त एवं मजबूत किया जा सके।
