श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक समरसता का बना अनुपम संगम।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

राजमहल साहिबगंज।राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र हाटपाड़ा में सुपरस्टार संघ के द्वारा सरस्वती पूजा का आयोजन बड़े ही श्रद्धा, उत्साह एवं धूमधाम के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण वातावरण देखने को मिला। चारों ओर मां सरस्वती की आराधना, भक्ति गीतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठा।पूजा समिति द्वारा निर्मित भव्य एवं आकर्षक पंडाल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। पंडाल को सुंदर सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी एवं कलात्मक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूजा स्थल की भव्यता और भी बढ़ गई। वहीं मां सरस्वती की अत्यंत मनमोहक एवं कलात्मक प्रतिमा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और लोगों ने श्रद्धा भाव से दर्शन-पूजन किया।पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल में पहुंचे और मां सरस्वती से विद्या, बुद्धि, विवेक एवं सदाचार का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान पूरे हाटपाड़ा क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा और बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला।इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में सुपरस्टार संघ के सक्रिय सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन में प्रमुख रूप से विवेक मालों, प्रहलाद हलदार, किशन हलदार, पंकज विश्वास, पलाश विश्वास, अभी हलदार, श्याम हलदार, गोपीनाथ हलदार, जयकुमार यादव, सुमन हलदार एवं अभिजीत हलदार ने अहम भूमिका निभाई।समिति के सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा मजबूत होता है, सांस्कृतिक चेतना का विकास होता है तथा युवा पीढ़ी में संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना उत्पन्न होती है। सुपरस्टार संघ द्वारा आयोजित यह सरस्वती पूजा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *