
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र अंतर्गत चिन्हित सड़क दुर्घटना (एक्सीडेंट) स्पॉट पर भारत सरकार की महत्वाकांक्षी iRAD/eDAR प्रणाली के तहत लाइव डेटा अपलोडिंग की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों का सटीक, त्वरित एवं पूर्णतः डिजिटल दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करना है।कार्यक्रम के दौरान दुर्घटना से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां—जैसे घटनास्थल की तस्वीरें, लोकेशन, वाहन विवरण, परिस्थितिजन्य तथ्य एवं तकनीकी सूचनाएं—मौके से ही iRAD/eDAR पोर्टल पर लाइव अपलोड की गईं। इससे जांच प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, वैज्ञानिक और समयबद्ध बनाने में सहायता मिलेगी।इस अवसर पर दुर्घटना मामले के अनुसंधान पदाधिकारी आईओ देव नारायण साहु, बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार तथा iRAD/eDAR मैनेजर मनोज कुमार एनआईसी, साहिबगंज की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अधिकारियों ने मौके पर तकनीकी प्रक्रिया की निगरानी करते हुए प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया।अधिकारियों ने बताया कि iRAD/eDAR प्रणाली के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में न केवल अनुसंधान कार्य में तेजी आएगी, बल्कि बीमा दावा, न्यायिक प्रक्रिया एवं पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने में भी सहूलियत होगी। साथ ही, इससे प्राप्त डिजिटल डेटा के आधार पर सड़क सुरक्षा से संबंधित नीतिगत निर्णयों को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।उन्होंने कहा कि यह प्रणाली दुर्घटना अनुसंधान को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उसे जवाबदेह और भरोसेमंद बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। बोरियो थाना क्षेत्र में किया गया यह लाइव डेटा अपलोडिंग कार्य सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल मानी जा रही है।
