ग्रामीण पृष्ठभूमि से राष्ट्रीय मंच तक पहुँचा खो-खो का होनहार सितारा।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज।राजस्थान के अजमेर में 17 से 21 जनवरी 2026 तक आयोजित होने जा रही 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025–26 के अंतर्गत अंडर–14 बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में झारखंड राज्य को गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व मिलने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए साहिबगंज जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ी सुमन कुमार का चयन किया गया है, जो जिले एवं राज्य के लिए गर्व का विषय है।सुमन कुमार, पिता भूदेव मंडल, ग्राम पटवा टोला, बड़ी कोदरजनना साहिबगंज के निवासी हैं। एक साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर सुमन ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य के प्रति अडिग रहते हुए निरंतर अभ्यास किया और स्वयं को राज्य के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में स्थापित किया।पारंपरिक भारतीय खेल खो-खो में सुमन कुमार की फुर्ती, चुस्ती, रणनीतिक समझ, त्वरित निर्णय क्षमता तथा उत्कृष्ट टीम भावना ने उन्हें जिला एवं राज्य स्तर पर विशेष पहचान दिलाई। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने अपने खेल कौशल को लगातार निखारा, जिसका प्रतिफल राष्ट्रीय स्तर पर चयन के रूप में सामने आया है।सुमन कुमार के चयन से न केवल उनके परिवार में, बल्कि पूरे साहिबगंज जिले और झारखंड राज्य में हर्ष और गौरव का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि संकल्प, परिश्रम और सही मार्गदर्शन से गांव का खिलाड़ी भी राष्ट्रीय मंच तक पहुँच सकता है।इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवनारायण यादव, जिला खो-खो एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रणजीत कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) दुर्गानंद झा, डीएसई सह डीएसओ हर्ष कुमार, बजरंगी यादव, जय प्रकाश सिन्हा सहित अन्य खेल पदाधिकारियों, शिक्षकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं खेल प्रेमियों ने सुमन कुमार को बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करने की शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *