सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक पहुंचेगी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व दवा सुविधा।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।जिले के सुदूरवर्ती एवं दूरस्थ इलाकों में रहने वाले आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंगलवार को साहिबगंज समाहरणालय परिसर से आकांक्षी जिला मद से संचालित मोबाइल OPD वैन को उपायुक्त हेमंत सती ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस मोबाइल OPD वैन का मुख्य उद्देश्य ऐसे ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचना है, जहां स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना कठिन होता है। वैन के माध्यम से आमजनों को उनके घर-द्वार के समीप निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि मोबाइल OPD वैन से जिले में सुलभ, सस्ती और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित होंगी। इससे लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और समय पर चिकित्सा परामर्श मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उन जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जो भौगोलिक कारणों से स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं।उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मोबाइल OPD वैन के संचालन के लिए नियमित एवं सुव्यवस्थित भ्रमण कार्यक्रम तैयार किया जाए, ताकि अधिकतम संख्या में जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं समय पर रिपोर्टिंग पर विशेष जोर दिया।कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुझू कुमार मिश्रा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी छुटेश्वर दास सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
