जिले भर में व्यापक प्रचार-प्रसार, आमजन को त्वरित व सुलभ न्याय का संदेश।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज।झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में जिले में विशेष मध्यस्थता अभियान “मिडिएशन फॉर द नेशन 2.0” का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जा रहा है।यह महत्वाकांक्षी अभियान भारत के सर्वोच्च न्यायालय की मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति की परिकल्पना है, जिसका मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों की पहचान कर उन्हें मध्यस्थता के माध्यम से सुलहपूर्वक, शांतिपूर्ण एवं शीघ्र निपटारे की दिशा में अग्रसर करना है। यह अभियान पूरे देश में एक साथ संचालित किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को सरल, सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जा सके।जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज द्वारा इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए जिले के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग, पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही आम नागरिकों के बीच प्रत्यक्ष जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से लोगों को मध्यस्थता की प्रक्रिया, इसके लाभ तथा समय और धन की बचत से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।अभियान के अंतर्गत वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा मामले, घरेलू हिंसा से जुड़े मामले, चेक बाउंस, वाणिज्यिक एवं सेवा विवाद, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, विभाजन व बंटवारा, बेदखली से संबंधित विवाद, भूमि अधिग्रहण सहित अन्य उपयुक्त दीवानी प्रकृति के मामलों को मध्यस्थता के लिए भेजा जा सकता है। इन सभी मामलों के समाधान हेतु आपसी सहमति, संवाद और सौहार्दपूर्ण वातावरण पर विशेष बल दिया जा रहा है।डालसा साहिबगंज ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ और अपने लंबित मामलों के बिना खर्च, शीघ्र एवं शांतिपूर्ण समाधान के लिए मध्यस्थता को अपनाएँ। यह अभियान न केवल न्यायालयों पर बढ़ते मामलों के भार को कम करेगा, बल्कि समाज में आपसी समझ, सौहार्द और विश्वास को भी मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *