
श्रीकांत दास / विशाल विचार
बरहरवा (साहिबगंज)।कड़ाके की ठंड को देखते हुए बरहरवा नगर में कांग्रेस पार्टी द्वारा एक सराहनीय एवं मानवीय पहल की गई। रविवार को राजमहल रोड स्थित बरहरवा प्रखंड कांग्रेस कार्यालय परिसर में जरूरतमंद दिव्यांग महिला एवं पुरुषों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकतुल्लाह खान के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।इस अवसर पर नगर क्षेत्र के बड़ी संख्या में दिव्यांग महिला एवं पुरुषों को ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल वितरित किए गए। कंबल प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। लाभार्थियों ने कांग्रेस पार्टी एवं उसके नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता ठंड के मौसम में उनके लिए अत्यंत उपयोगी एवं राहतकारी है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि “ठंड के इस कठिन समय में जरूरतमंद, असहाय और दिव्यांग लोगों की सेवा करना ही सच्ची मानवता है। कांग्रेस पार्टी शुरू से ही समाज के कमजोर वर्गों के हित में कार्य करती आई है और आगे भी जनसेवा के ऐसे कार्य निरंतर करती रहेगी।”उन्होंने कहा कि पार्टी हर परिस्थिति में आम जनता के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।कंबल वितरण कार्यक्रम के उपरांत बरहरवा प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में बरहरवा नगर कांग्रेस कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज घोष ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान उपस्थित रहे।बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करना एवं संगठन को चुनावी दृष्टिकोण से और अधिक सशक्त बनाना रहा। इस दौरान जिला अध्यक्ष ने नगर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव की घोषणा शीघ्र होने वाली है, ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को पूरी तत्परता, अनुशासन एवं समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुट जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के बुनियादी मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष कर रही है और आगामी नगर निकाय चुनाव में पार्टी को ऐतिहासिक सफलता दिलाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है।बैठक में नगर पर्यवेक्षक कमल आर्य, वरिष्ठ कांग्रेसी मो. नसीरुद्दीन, गुलाम रब्बानी, प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, शाहनवाज नासीर, अनन्त लाल भगत, नेहाल अख्तर, विक्की कर्मकार, छोटे लाल रामानी, आफताब आलम, निसार अहमद, दीपक कुमार सहित नगर पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बैठक का समापन संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा आगामी नगर निकाय चुनाव में एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ किया गया।
