“सिख से सुरक्षा तकनीक से परिवर्तन” थीम पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर साहिबगंज जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता के लिए नेक नागरिक (गुड समारीटन) बनने के लिए प्रेरित करना रहा।इस क्रम में साहिबगंज जिले के सेंट जेवियर्स स्कूल के आवासीय विद्यालय परिसर में सड़क सुरक्षा विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से हेलमेट, सीट बेल्ट, यातायात नियमों एवं सुरक्षित ड्राइविंग का सशक्त संदेश दिया।वहीं तीनपहाड़ के स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों के बीच विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई। खिलाड़ियों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में बिना डर के घायल व्यक्ति की सहायता करना एक जिम्मेदार एवं नेक नागरिक का कर्तव्य है।कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को यह स्पष्ट हिदायत दी गई कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।नशे की हालत में वाहन न चलाएं और न ही किसी को चलाने दें।अपने परिजनों एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।आयोजकों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर हम स्वयं सुरक्षित रह सकते हैं और दूसरों की जान भी बचा सकते हैं।कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता के अलावा क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इस अवसर पर एम.भी.आई कुमार उत्कर्ष एवं अभिषेक मुंडा, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, सेंट जेवियर्स स्कूल के प्राचार्य इग्नेशियस लकरा, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पराशर, आईटी सहायक राजहंस सहित तीनपहाड़ स्पोर्ट्स क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से सभी को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए एक जागरूक, जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनकर देश के सुरक्षित भविष्य में योगदान देने का संदेश दिया गया।
