119 कृषकों के आवेदनों को मिली स्वीकृति, उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला चयन समिति की बैठक सम्पन्न।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज।जिले में किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने एवं आत्मनिर्भर कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोलर पम्पसेट योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी 119 कृषकों के आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। यह निर्णय समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जिला चयन समिति की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती ने की।बैठक के दौरान बताया गया कि साहिबगंज जिले को इस योजना के अंतर्गत कुल 160 लक्ष्यों की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिसके विरुद्ध पीएम कुसुम पोर्टल के माध्यम से 119 किसानों ने आवेदन किया था। उपायुक्त द्वारा सभी प्राप्त आवेदनों की विस्तृत एवं बिंदुवार समीक्षा की गई, जिसके उपरांत सभी 119 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई।उपायुक्त हेमंत सती ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि योजना का क्रियान्वयन पूरी तरह पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभुक कृषकों को शीघ्र योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सोलर पम्पसेट योजना से न केवल किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा मिलेगी, बल्कि ऊर्जा की बचत, डीजल पर निर्भरता में कमी एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, भूमि संरक्षण पदाधिकारी राहुल गुप्ता, कार्यपालक अभियंता विद्युत शंभूनाथ चौधरी सहित कृषि, विद्युत एवं संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *