श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज जिले में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती ने बुधवार को समाहरणालय परिसर में स्थित EVM वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, संरक्षण एवं प्रबंधन व्यवस्था का गहनता से अवलोकन किया।उपायुक्त ने वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से मूल्यांकन करते हुए सभी निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा निगरानी प्रणाली की भी जांच की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में कार्यरत कर्मियों को नियमित अंतराल पर प्रशिक्षण प्रदान करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रशिक्षित एवं सजग मानव संसाधन ही सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बना सकता है।उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि EVM और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, क्योंकि इन्हीं के माध्यम से लोकतंत्र की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।निरीक्षण के समय उप निर्वाचन पदाधिकारी सुनीता किस्कू, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *