सांसद विजय कुमार हांसदा एवं विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा के प्रयास लाए रंग।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

राजमहल (साहिबगंज)राजमहल मानिकचक के बीच बहुप्रतीक्षित गंगा पुल के निर्माण की दिशा में एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल सामने आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए डीपीआर डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिया है। इस निर्णय को क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर माना जा रहा है।इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे राजमहल के सांसद विजय कुमार हांसदा एवं राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा के निरंतर प्रयास, जनहित में की गई मजबूत पैरवी और केंद्र सरकार के समक्ष रखी गई ठोस मांग का अहम योगदान रहा है। दोनों जनप्रतिनिधियों ने लंबे समय से इस पुल की आवश्यकता को विभिन्न मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाया था, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।गंगा नदी पर प्रस्तावित यह पुल झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मानिकचक से सीधे जोड़ेगा। पुल के निर्माण से न केवल दोनों राज्यों के बीच आवागमन अत्यंत सुगम होगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन, कृषि उत्पादों के परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी।

साथ ही सीमावर्ती इलाकों के आर्थिक, सामाजिक एवं औद्योगिक विकास को भी मजबूत आधार प्राप्त होगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में गंगा पार करने के लिए नाव एवं लंबा वैकल्पिक मार्ग ही एकमात्र सहारा है, जिससे समय, श्रम और संसाधनों की भारी बर्बादी होती है। पुल के निर्माण से वर्षों से चली आ रही इन कठिनाइयों से स्थायी मुक्ति मिलेगी और क्षेत्र विकास के नए द्वार खुलेंगे।डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना की स्वीकृति, निविदा प्रक्रिया एवं निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। इस फैसले से राजमहल विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे संताल परगना प्रमंडल में खुशी की लहर है। आम जनता ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए सांसद विजय कुमार हांसदा एवं विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा के प्रयासों की खुलकर सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *