विधायक निसात आलम ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी से की अहम बैठक।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सह साहिबगंज एवं पाकुड़ जिला कांग्रेस की प्रभारी निसात आलम ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी सह एआईसीसी सचिव के. राजू, सह प्रभारी डॉ. बेला प्रसाद एवं भूपेंद्र मरावी से महत्वपूर्ण मुलाकात की।इस दौरान पाकुड़ एवं साहिबगंज जिलों में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने, संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए चरणबद्ध रणनीति अपनाने पर भी सहमति बनी।मुलाकात के उपरांत विधायक निसात आलम ने जानकारी दी कि उन्हें पाकुड़ एवं साहिबगंज जिला कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया है। संगठन प्रभारी द्वारा उन्हें स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि पार्टी संगठन को जिला, प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूती प्रदान की जाए, ताकि कांग्रेस की नीतियां और कार्यक्रम आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकें।उन्होंने कहा कि इन दिशा-निर्देशों के आलोक में जिले के सभी कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को सशक्त बनाने हेतु सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। कार्यकर्ताओं की भूमिका संगठन की रीढ़ होती है और उनके प्रयासों से ही पार्टी जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करती है।विधायक निसात आलम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी से जुड़े प्रत्येक कार्यकर्ता की यह अहम जिम्मेदारी है कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।उन्होंने यह भी बताया कि साहिबगंज एवं पाकुड़ क्षेत्र में वर्तमान समय में करोड़ों रुपये की लागत से विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पुल-पुलिया निर्माण, सड़क निर्माण सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई कार्य तेज़ी से प्रगति पर हैं। इन विकास कार्यों को और गति देने के उद्देश्य से कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर संगठन से लोगों को जोड़ेंगे और जनसंपर्क को मजबूत करेंगे।अंत में विधायक निसात आलम ने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती, अनुशासित कार्यशैली और प्रभावी जनसंपर्क के माध्यम से आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी को इसका सकारात्मक लाभ मिलेगा। साथ ही, क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा और गति प्राप्त होगी।
