जिलेभर में व्यापक जांच, नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चौथे दिन व्यापक स्तर पर ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध सघन जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में साहिबगंज जिले के सभी थाना क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर संचालित किया गया।अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया, ट्रक एवं बस चालकों की अल्कोहल ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से जांच की गई। जांच में कई वाहन चालकों को नशे की अवस्था में वाहन चलाते हुए पाया गया, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा-185 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ विधिसम्मत कार्रवाई भी की गई।इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने कहा कि शराब अथवा नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं एवं दूसरों की जान के लिए गंभीर खतरा भी है। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में 10,000 रुपये तक का जुर्माना, 6 माह तक का कारावास अथवा दोनों का प्रावधान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।जांच अभियान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया। वाहन चालकों को हेलमेट व सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से पहनने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, ओवरलोडिंग से बचने एवं यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की गई। आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने हेतु पंपलेट, बुकलेट एवं हैंडबिल का वितरण भी किया गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें।
