थाना प्रभारी हसनैन अंसारी के नेतृत्व में लोगों को किया गया जागरूक, गुलाब भेंट कर दिया गया सुरक्षा का संदेश।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल (साहिबगंज)।राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़क सुरक्षा को लेकर एक व्यापक एवं प्रभावी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व स्वयं राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।अभियान के दौरान थाना प्रभारी सहित पुलिस बल के जवानों ने वाहन चालकों, राहगीरों एवं आम लोगों से संवाद कर उन्हें सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई।इस अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा जागरूकता के प्रतीक स्वरूप लोगों को गुलाब का फूल भेंट कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। यह पहल न केवल लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने वाली रही, बल्कि भावनात्मक रूप से जोड़ने वाला एक सराहनीय प्रयास भी साबित हुआ।थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने कहा कि “सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। एक छोटी सी सावधानी किसी की जान बचा सकती है। यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बनी रहे।”स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से समाज में जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने भविष्य में भी प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा जताया।इस अवसर पर राजमहल थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान भी उपस्थित रहे और पूरे उत्साह के साथ अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
