शैक्षणिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण और कारा व्यवस्था को मानवीय बनाने पर दिया विशेष जोर।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय टाउन हॉल परिसर स्थित मास्टर सोबरन मांझी अनुमंडल पुस्तकालय का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए वहां उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं एवं अध्ययन वातावरण की गहन समीक्षा की।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पुस्तकालय में उपलब्ध वाई-फाई सुविधा, पुरुष शौचालय (मेंस टॉयलेट), फ्लोर मैट, इंजीनियरिंग विषयक पुस्तकों की उपलब्धता, आरओ वाटर प्यूरीफायर, विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।उपायुक्त हेमंत सती ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि पुस्तकालय में संसाधनों की किसी भी प्रकार की कमी को शीघ्र दूर किया जाएगा, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र छात्राओं को एक बेहतर, शांत एवं अनुकूल अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।इसके पश्चात उपायुक्त द्वारा मंडल कारा, साहिबगंज का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुलाकाती रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था, कैदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, बैरकों की स्वच्छता तथा सुरक्षा प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की।उपायुक्त ने कारा प्रशासन को आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश देते हुए जेल व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं मानवीय बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सुधारात्मक दृष्टिकोण के साथ कारा संचालन होना चाहिए, जिससे बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन संभव हो सके।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त द्वारा मंडल कारा परिसर में नव अधिष्ठापित ओपन जिम का उद्घाटन भी किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ साथ मानसिक स्वास्थ्य भी अत्यंत आवश्यक है, और यह पहल उसी दिशा में एक सराहनीय कदम है।इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *