
श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल (साहिबगंज)।राजमहल थाना क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना प्रभारी हसनैन अंसारी के नेतृत्व में व्यापक एंटी-क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं संवेदनशील स्थलों पर सघन रूप से संचालित किया गया।अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का पंजीकरण प्रमाण-पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को लेकर भी सख्ती बरती गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने बताया कि इस तरह के अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों पर नकेल कसना, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना तथा आम लोगों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।इस सघन जांच अभियान से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया है।
