श्रीकांत दास / विशाल विचार

राजमहल (साहिबगंज)। +2 जे.के. उच्च विद्यालय, राजमहल में शुक्रवार को विशेष अभिभावक शिक्षक बैठक का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अभिजीत कुमार की अध्यक्षता में किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा आगामी मैट्रिक परीक्षा 2026 को लेकर अभिभावकों के साथ समन्वय को और सशक्त बनाना रहा।बैठक को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. अभिजीत कुमार ने कहा कि यदि अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और सकारात्मक सहयोग प्रदान करें, तो बच्चों को परीक्षा में अच्छे अंकों से उत्तीर्ण कराना विद्यालय की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय का आगामी परीक्षा परिणाम विगत वर्ष की तुलना में और बेहतर होगा।डॉ. कुमार ने जानकारी दी कि विद्यालय में पठन–पाठन व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। शिक्षकों द्वारा नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की जा रही हैं तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।बैठक के दौरान विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक विकास, परीक्षा की तैयारी, अनुशासन, अभिभावकों की अपेक्षाएं तथा बच्चों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान अभिभावकों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए और विद्यालय प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से अंसार अली, अरविंद झा, शशि करण, नोबो मिश्रा, संतोष कुमार पोद्दार, बरकत शेख, अमित कुमार घोष, झुंपा कुमारी, उषा देवी, रश्मि बीवी, मसूदा बीवी, नसीरुद्दीन शेख, सुमन झा, राम मजूमदार, अरुण शाह, नाजिम शेख सहित सैकड़ों अभिभावकों ने बैठक में सहभागिता की।बैठक का समापन विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *